सरायकेला/ Pramod Singh सीनी ओपी क्षेत्र अंतर्गत कमलपुर गांव के युवक के अपहरण मामले में अंतिम फरार आरोपी को एसपी द्वारा गठित एसआईटी ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्तार अपराधी का नाम मोहम्मद सद्दाम हुसैन उर्फ़ दाना है जो घटना के बाद से फरार चल रहा था.

क्या है पूरा घटनाक्रम
यह मामला सरायकेला थाना कांड संख्या 79/25 दिनांक 22 जुलाई 2025 के अंतर्गत भारतीय न्याय संहिता (BNS)-2023 की धारा 140 (2)/3(5) के तहत दर्ज किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (S.I.T) का गठन किया गया था. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 जुलाई 2025 को अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया. तकनीकी और मानवीय साक्ष्य के आधार पर टीम ने अपहरण कांड का उद्भेदन करते हुए मुख्य आरोपी अब्दुल्ला खान उर्फ अब्दुल्ला फैजी को गिरफ्तार किया था. आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की गई थी.
आगे की जांच में पुलिस ने घटना में शामिल अन्य तीन आरोपियों- शेख अजहरुद्दीन, मो० कलीम और अमीर खान उर्फ भोन्दा को भी गिरफ्तार किया. इनके पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, अपहरण में इस्तेमाल की गई टाटा विस्टा कार और एक देशी पिस्टल के साथ छह गोलियां बरामद की गईं.
मामले का अन्य अभियुक्त मो० सद्दाम हुसैन उर्फ दाना सद्दाम फरार चल रहा था जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके पास से अपहृत युवक का रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है. सिनी ओपी प्रभारी ने बताया कि अब तक इस कांड में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है. उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में इस सफल कार्रवाई से पुलिस ने न केवल अपहृत युवक को बचाया बल्कि पूरे गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया है.

