जमशेदपुर/ Paramveer Patro दुर्गापूजा महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहा है. इसी क्रम में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने मंगलवार को शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था समेत अन्य तैयारियों का जायजा लिया और पूजा समितियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए.

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम ने कागलनगर, रंकिनी मंदिर, रानीकुदर, आमबगान, काशीडीह, टोयलाडुंगरी, गोलमुरी, एग्रिको मैदान, सिदगोड़ा, बारीडीह, सबुज कल्याण टेल्को, बर्मामाइंस, मानगो और जुगसलाई समेत कई क्षेत्रों के पूजा पंडालों का दौरा किया. अधिकारियों ने आयोजकों से कहा कि विद्युत तारों का सुरक्षित प्रबंधन, फायर फाइटिंग उपकरण, बालू, पानी, सीसीटीवी कैमरे, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, प्राथमिक चिकित्सा किट और वालंटियर की पर्याप्त व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए. साथ ही, पार्किंग स्थल को स्पष्ट रूप से चिन्हित कर यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और जलजमाव से निपटने के लिए पंपिंग मशीन व निकासी व्यवस्था पहले से दुरुस्त रखने पर जोर दिया.
उपायुक्त ने कहा कि दुर्गापूजा सांस्कृतिक और सामाजिक समरसता का पर्व है, इसलिए प्रत्येक समिति प्रशासन के साथ सहयोग करते हुए शांति, सौहार्द और सुरक्षित माहौल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाए. वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल की तैनाती, गश्ती दल और यातायात नियंत्रण की जानकारी दी तथा आयोजकों से विधि व्यवस्था में अपेक्षित सहयोग देने की अपील की.
निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) भगीरथ प्रसाद, उप नगर आयुक्त (जेएनएसी) कृष्ण कुमार, डीटीओ धनंजय, एसडीएम धालभूम चंद्रजीत सिंह, ट्रैफिक डीएसपी नीरज समेत जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी और संबंधित थाना प्रभारी भी मौजूद थे.



भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
