कपाली/ Afroz Mallik शनिवार की रात कपाली बस्ती स्थित सामुदायिक स्थान पर जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच झड़प और पथराव की घटना हुई. मामला तब शुरू हुआ जब एक युवक ने पूजा स्थल की जमीन पर अपना दावा किया.

मंदिर निर्माण को लेकर विवाद
डब्लू नामक सैलून संचालक की मां ने बताया कि पड़ोस के रहने वाले लादेन महतो की जमीन पर वर्षों से गणेश भगवान और वीर बजरंगी की पूजा होती आ रही है. कुछ दिनों पूर्व लादेन महतो ने बस्तीवासियों को मंदिर निर्माण के लिए जमीन दान देने की बात कही थी. लेकिन शनिवार को कुछ युवक वहां पहुंचे और कहा कि यह जमीन उन्होंने खरीदी है, इस पर उनका अधिकार है. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया. इस दौरान कई दोपहिया वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई, जिससे लोगों को भारी नुकसान हुआ.
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया. वहीं हिंसा में शामिल लोगों को चिन्हित कर पुलिस छापेमारी में जुटी है. फिलहाल बस्ती में पुलिस बल तैनात है और माहौल शांत है.

