खरसावां: मॉडल स्कूल खरसावां में विश्व युवा कौशल विकास दिवस की दसवीं वर्षगांठ पर बुधवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. वेंचर स्किल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता आईटी वोकेशनल टीचर सतीश सेन प्रधान ने की. कार्यक्रम में कक्षा 6 से 12वीं तक के सभी विद्यार्थियों ने भाग लिया और कौशल विकास के प्रति अपने विचार रखे.

वरिष्ठ भूगोल शिक्षक जीडी महन्त ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति की तरह आगामी राष्ट्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता नीति भी देश के कार्यबल के लिए परिवर्तनकारी होगी. उन्होंने कहा कि कौशल विकास शिक्षा और रोजगार के बीच की खाई को पाटने का कार्य करता है. इससे युवा अपने करियर में सफल होंगे, बेरोजगारी कम होगी और समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा. उन्होंने कहा कि कौशल विकास न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे समाज के लिए लाभकारी है. यह बेरोजगारी और अल्प बेरोजगारी को कम कर उत्पादकता और जीवन स्तर को बेहतर बनाता है. इस वर्ष का विषय कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल कौशल के माध्यम से युवा सशक्तिकरण पर केंद्रित है. कार्यक्रम में टूरिज्म एंड मैनेजमेंट शिक्षक प्रभात कुमार महतो, मीडिया एंड एंटरटेनमेंट शिक्षक विकास चंद्र महतो, कंप्यूटर लैब शिक्षिका बसंती महतो, लैंग्वेज लैब शिक्षिका सुनीता महतो ने भी अपने विषयों से जुड़ा कौशल विकास पर विचार रखे. कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रियतम सिंह, चंदन कुमार महतो, पुष्पा महतो और सुनीता देवी का योगदान रहा.

