सरायकेला/ Pramod Singh थाना अंतर्गत खरसावां मार्ग पर मुक्ति पोखरी के समीप एक बाइक के ट्रक के पीछे से टकरा जाने के कारण बाइक सवार पति- पत्नी और एक डेढ़ साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई. घायलों में पवन नायक (22), शांति नायक (20) एवं निधि नायक (1.5) शामिल है. घटना के बाद रस्ते से गुजर रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने अपने स्कर्ट वाहन को रोककर घायल को अपने निजी वाहन से सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया. जहां से चिकित्सकों ने तीनो को प्राथमिक उपचार के बाद एमजीएम रेफर कर दिया. घटना शनिवार की शाम करीब 7:00 बजे की है.

घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार पवन नायक सरायकेला थाना अंतर्गत गोविंदपुर गांव का निवासी है. शनिवार की शाम वह अपनी पत्नी और बच्ची के साथ रथ मेला देखने के लिए बाइक से सरायकेला आ रहे थे. सरायकेला नगर में नो एंट्री लगाए जाने के कारण बिरसा चौक के आसपास सड़क पर कई वाहन बेतरतीब ढंग से खड़े थे. मुक्ति पोखरी के पास पवन नायक की बाई सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई. घटना के बाद पेट्रोलिंग कर रहे पुलिस वाहन ने घटना में घायल पवन नायक को अपने वाहन से सरायकेला सदर अस्पताल लाया जबकि उस रास्ते से गुजर रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने घायल शांति नायक एवं उनकी बच्ची को अपने निजी वाहन से सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया. तीनों घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है.

