जमशेदपुर: विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के नर्सिंग विभाग द्वारा शनिवार को पोखारी क्षेत्र एवं बालिगुमा पीएचसी में जागरूकता अभियान और सामुदायिक भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. नर्सिंग विभाग के GNM तृतीय वर्ष एवं ANM द्वितीय वर्ष के छात्रों ने मधुमेह के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया.

अभियान का केंद्र इस वर्ष की थीम “Diabetes Across Life Stages” रही, जिसके तहत छात्रों ने हर आयु वर्ग में मधुमेह की रोकथाम और प्रबंधन पर जोर दिया. शिविर में रक्तचाप, ब्लड ग्लूकोज़ और सामान्य स्वास्थ्य जांच की सुविधा दी गई. जांच के लिए स्थानीय लोगों में उत्साह देखते ही बन रहा था.

नर्सिंग छात्रों ने मधुमेह के कारण, लक्षण, जोखिम कारक और रोकथाम के उपायों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि संतुलित भोजन, नियमित व्यायाम, तनाव में कमी और समय-समय पर जांच के जरिए मधुमेह को नियंत्रित किया जा सकता है. छात्रों ने डायबेटिक डाइट पर विशेष सत्र भी आयोजित किया और लोगों के बीच पौष्टिक खाद्य पैकेट वितरित किए.
छात्रों ने कहा कि विश्व मधुमेह दिवस का मुख्य उद्देश्य लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाना है ताकि बीमारी का समय पर पता चल सके और इसका प्रभाव कम किया जा सके. कार्यक्रम के अंत में नर्सिंग विभाग ने समुदाय के सहयोग के लिए धन्यवाद व्यक्त किया और भविष्य में भी स्वास्थ्य विषयक ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही.

