चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में दुर्गा पूजा विसर्जन के दौरान शुक्रवार की रात दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई. यह झड़प रेलवे हरिजन बस्ती दुर्गा पूजा समिति और एक अन्य पूजा पंडाल के सदस्यों के बीच हुई. देखते ही देखते स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दोनों ओर से लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने लगे.

इस दौरान हुई चाकूबाजी में सात लोग घायल हो गए, जिनमें से एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, विसर्जन जुलूस के दौरान किसी बात को लेकर दोनों समितियों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी. विवाद बढ़ने पर हरिजन बस्ती के पांच युवकों पर दर्जनों लोगों ने हमला कर दिया. इस दौरान रिक्की मुखी नामक युवक पर चाकू से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया. पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा और पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त बल की तैनाती कर दी है. अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है, हालांकि पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण पा लिया है. स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है.

