चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड में स्थित पांसुआ डैम में रविवार को पिकनिक मनाने वालों की भारी भीड़ उमड़ी. नववर्ष के अवसर पर डैम क्षेत्र सैलानियों और पर्यटकों से गुलजार नजर आया.

पिकनिक मनाने वालों में सोनुआ के गुरुकुल स्कूल सहित कई अन्य स्कूलों के छात्र- छात्राएं शामिल थे. स्कूली बच्चों ने पिकनिक के दौरान स्पीड वोटिंग का भरपूर आनंद उठाया और साथ ही लजीज व्यंजनों का भी स्वाद लिया. इसके अलावा कई फैमिली ग्रुप और युवाओं की टोलियां भी पिकनिक का आनंद उठाते हुए नजर आईं.
पांसुआ डैम पहुंचे सैलानियों ने डैम के किनारे स्थित मां पाउड़ी मंदिर में पूजा- अर्चना की. इसके बाद लोगों ने डैम के मनोरम प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया और यादगार पलों को कैमरे में कैद किया.
शाम ढलते ही डीजे साउंड से पूरा डैम क्षेत्र गूंज उठा. डीजे की धुन पर युवाओं की टोलियों ने जमकर नृत्य किया और नववर्ष का उत्साहपूर्वक स्वागत किया. पूरे दिन पांसुआ डैम क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा.

