चाईबासा: जिले के मनोहरपुर प्रखंड के कमारबेड़ा स्थित शिव मंदिर में गर्भगृह के पुनर्निर्माण को लेकर सोमवार को विधि- विधान के साथ भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया. वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा- अर्चना के बीच मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की मौजूदगी में भूमि पूजन संपन्न हुआ.

मंदिर के पुजारी महेश दाश ने वैदिक रीति- रिवाज के अनुसार पूजा- अर्चना कर निर्माण कार्य के सफल संचालन की कामना की. इस दौरान भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा की गई और श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में पहुंचकर आशीर्वाद प्राप्त किया. मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि पुराने गर्भगृह के जर्जर हो जाने के कारण इसके पुनर्निर्माण का निर्णय लिया गया है. उन्होंने कहा कि नए गर्भगृह के निर्माण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी और मंदिर की धार्मिक गरिमा भी और मजबूत होगी.
भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया.
आयोजन में गांव के अशोक महतो, भरत महतो, धर्मेंद्र महतो, लखन, लखिराम, लक्ष्मी नारायण, रंजित, साजन, मोना, पंकज, सुफल साधु और बहादुर समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे. कार्यक्रम में मंदिर समिति के सदस्य, गणमान्य लोग और श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली.



