चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिला के जमदा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोंटोडिया गांव निवासी सक्रिय माओवादी कैडर रोया कालुंडी उर्फ गणेश ने राउरकेला पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर हिंसा का मार्ग त्यागने और समाज की मुख्यधारा में लौटने का संकल्प लिया है. पुलिस के अनुसार, रोया कालुंडी वर्ष 2022 में मात्र 12 वर्ष की आयु में रप्पा और गुंगा के प्रभाव में आकर माओवादी संगठन से जुड़ा था. संगठन में शामिल होने के बाद वह मच्छू के नेतृत्व में कोल्हान और सारंडा क्षेत्र में सक्रिय रहा.

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उसकी गतिविधियां बलिबा, तिरिलपोश, लैइलोर, जमारडीही और जोजोदेड़ा क्षेत्रों में रही हैं. वर्ष 2025 में हुए बैंको विस्फोटक लूट कांड, रेलवे ट्रैक ब्लास्ट और बैंको आरएफ क्षेत्र में आईईडी विस्फोट मामलों में उसकी संलिप्तता पाई गई है. बैंको विस्फोटक लूट की घटना से पूर्व लगभग 70 से 80 माओवादी कैडरों ने सारंडा जंगल में डेरा डालकर बैंको पत्थर खदान से विस्फोटक लूटने की योजना बनाई थी. इस संबंध में जमारडीही क्षेत्र में आयोजित बैठक में रोया कालुंडी भी शामिल था, जहां उसने नागरिक वेश में संतरी ड्यूटी निभाते हुए खुफिया जानकारी एकत्र की थी.

बैठक के दौरान ग्रामीणों से चावल लदे वाहन को बैंको से ले जाने में सहयोग की अपील की गई थी. इसके बाद टोयबो और जमारडीही के करीब 30 ग्रामीण माओवादी कैडरों के साथ दो से तीन दिनों तक जंगल में रुके थे. योजना के तहत विस्फोटकों से भरे कार्टन जंगल में छिपाए गए, जिनमें से कुछ को झारखंड क्षेत्र में भी ले जाया गया था.
पुलिस ने बताया कि साउथ छोटानागपुर डिवीजन के अंतर्गत सारंडा क्षेत्र में सक्रिय रहने के दौरान लगातार जान का खतरा, भय और माओवादी विचारधारा से उपजी निराशा के कारण रोया कालुंडी ने संगठन छोड़ने का निर्णय लिया. इसके बाद उसने राउरकेला पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया.
आत्मसमर्पण के बाद राउरकेला पुलिस द्वारा उसे ओडिशा सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति की जानकारी दी गई. इसके तहत उसे कुल 1 लाख 65 हजार रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी. इसमें 50 हजार रुपये तत्काल नकद सहायता के रूप में दिए जाएंगे, जबकि शेष 1 लाख 15 हजार रुपये फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में जमा रहेंगे. एक वर्ष बाद 50 हजार रुपये और तीन वर्ष बाद 65 हजार रुपये की राशि संतोषजनक आचरण के आधार पर जारी की जाएगी. यह राशि स्वरोजगार के लिए बैंक ऋण में जमानत के रूप में भी उपयोग की जा सकेगी.
राउरकेला पुलिस ने अन्य माओवादी कैडरों से भी अपील की है कि वे हिंसा का मार्ग छोड़कर आत्मसमर्पण करें और समाज की मुख्यधारा में लौटकर राष्ट्र निर्माण में सहयोग दें.

