चाईबासा Report By Jayant Pramanik पश्चिम सिंहभूम जिले के आनंदपुर प्रखंड के झाड़बेड़ा पंचायत में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत करोड़ों रुपये की लागत से स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं होने पर विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है. चौड़ारप्पा चौक से बुंमदा तक सुदृढ़ीकरण कार्य में हो रही लापरवाही को लेकर आरईईओ विभाग चक्रधरपुर के एसडीओ दुर्गा सोरेन ने संवेदक जितेंद्र प्रसाद को एक सप्ताह के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू करने का अल्टीमेटम दिया है.

एसडीओ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित समय के भीतर कार्य शुरू नहीं करने पर संवेदक को ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा. साथ ही ह्युमपाइप पुलिया में बारिश के दौरान बह गई मिट्टी को तत्काल भरने का निर्देश दिया गया है.
गौरतलब है कि पिछले अगस्त माह में भारी बारिश के दौरान निर्मित पुलिया के बीच का मिट्टी नाले में बह गया था. इसके बाद से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत पैकेज संख्या JH-M-WSM-6/2021-22 के तहत रायकेरा से रुंघी तक लगभग 6 किलोमीटर सड़क के साथ- साथ पीडब्ल्यूडी सड़क से बेड़ातुलुंडा और पीडब्ल्यूडी सड़क से टीमरा तक सुदृढ़ीकरण कार्य स्वीकृत है.
बताया जा रहा है कि संवेदक द्वारा पिछले तीन वर्षों से सड़क निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है. अब तक केवल एक हियुमपाइप पुलिया का निर्माण किया गया है, जबकि योजना के अनुसार एक ह्युमपाइप पुलिया और तीन कलवट पुलिया का निर्माण होना था. इसके अलावा 4.300 किलोमीटर कालीकरण और 1.700 किलोमीटर पीसीसी सड़क का निर्माण भी किया जाना है.
जमीनी हकीकत यह है कि कुल योजना का एक प्रतिशत कार्य भी पूरा नहीं हो पाया है. धीमी गति और लापरवाह कार्यशैली को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. ग्रामीण लगातार सवाल उठा रहे हैं कि करोड़ों की योजना आखिर कब धरातल पर उतरेगी. वहीं अब तक संबंधित विभाग के अन्य अधिकारियों द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से भी असंतोष देखा जा रहा है.

