
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड में मलेरिया का प्रकोप धीरे-धीरे बढ़ने लगा है. जिले के स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित मिशन उदय M 2.0 के तहत चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान में सोनुआ प्रखंड से बड़ी संख्या में मलेरिया संक्रमित मरीज सामने आए हैं. स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में जांच, दवा वितरण और जागरूकता अभियान तेज कर दिया है.


जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से मलेरिया की रोकथाम और नियंत्रण के लिए पिछले छह दिनों से रेड जोन घोषित प्रखंडों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान में सोनुआ प्रखंड भी शामिल है. अभियान के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनुआ के अंतर्गत लोंजो उप स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के पहाड़ी इलाकों में मलेरिया संक्रमण अधिक पाया गया है.

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, लोंजो उप स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत सात गांवों में अब तक 3,138 लोगों की मलेरिया जांच की गई है. जांच के दौरान 173 लोग पीएफ (Plasmodium Falciparum) मलेरिया पॉजिटिव पाए गए हैं. इनमें 104 संक्रमित ऐसे हैं जिनमें बीमारी के लक्षण नहीं हैं, लेकिन जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई है.

स्वास्थ्यकर्मी सभी संक्रमित लोगों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध करा रहे हैं और घर-घर जाकर लोगों को मच्छरों से बचाव, साफ-सफाई बनाए रखने, मच्छरदानी के उपयोग तथा समय पर जांच कराने के प्रति जागरूक कर रहे हैं. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बुखार, ठंड लगना या शरीर दर्द जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उपचार लें. जिला स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और मलेरिया के प्रसार को रोकने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान जारी रहेगा.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक





