चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा क्षेत्र में पुलिस और सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को विफल कर दिया है. जहां चाईबासा- मनोहरपुर मुख्य सड़क पर छोटानागरा और सेडल के बीच सड़क किनारे प्लांट किया गया डायरेक्शनल पाईप आईईडी बम बरामद कर सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया.

जानकारी के अनुसार मुख्य सड़क पर आईईडी होने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. एहतियात के तौर पर सड़क पर वाहनों का आवागमन तत्काल रोक दिया गया. इसके बाद सुरक्षा बलों ने सघन तलाशी अभियान चलाया. तलाशी के दौरान टोंटोगाढ़ा गांव के समीप सड़क किनारे संदिग्ध वस्तु की पहचान की गई, जो जांच में आईईडी निकली. बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आईईडी को निष्क्रिय किया और बाद में नियंत्रित विस्फोट के जरिए उसे नष्ट कर दिया. घटना के बाद क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है. सुरक्षा एजेंसियां इसे नक्सलियों की बड़ी साजिश मान रही हैं. समय रहते आईईडी बरामद होने से एक बड़ी घटना टल गई.

