चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. बारिश के कारण सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बन गई है और कई प्रखंड मुख्यालयों का ग्रामीण इलाकों से संपर्क टूट गया है. ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

लगातार हो रही बारिश के कारण जिले की नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. कई नदियां खतरे के निशान के करीब पहुंच गई हैं. प्रशासन ने निचले इलाकों में सतर्कता बरतने और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है.
इसी बीच बंदगांव घाटी में स्थित प्रसिद्ध हिरणी फॉल में बारिश के चलते बेहद मनमोहक और खूबसूरत दृश्य देखने को मिल रहा है. फॉल से निकलने वाले पानी का प्रवाह काफी तेज हो गया है, जिससे इसका नजारा और भी आकर्षक दिख रहा है.
हालांकि बढ़ते जलस्तर और संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने हिरणी फॉल के आसपास पर्यटकों के जाने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी है. पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम लगातार निगरानी कर रही है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके.

