चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ थाना पुलिस ने आसनतलिया पंचायत अंतर्गत एदेलबेड़ा गांव में अवैध रूप से संचालित महुआ देशी शराब भट्टी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. पुलिस को गांव में अवैध शराब निर्माण की सूचना मिली थी, जिसके आलोक में सोनुआ थाने के एसआई मनोज कुमार के नेतृत्व में छापेमारी अभियान चलाया गया.

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके पर अवैध शराब भट्टी को ध्वस्त कर दिया. अचानक हुई कार्रवाई से शराब माफिया मौके से फरार हो गए. पुलिस ने बताया कि इस दौरान भारी मात्रा में जावा को नष्ट किया गया, वहीं करीब 60 लीटर अवैध महुआ शराब को भी मौके पर ही नष्ट कर दिया गया.
पुलिस के अनुसार अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप का माहौल है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और सामाजिक बुराइयों पर रोक लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे.

