चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोन्टो थाना क्षेत्र अंतर्गत सेरेंगसिया गांव में एक विशाल दंतैल हाथी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. वहीं वन विभाग में हड़कंप मच गया और अधिकारी, वनकर्मी व डॉक्टर मौके पर पहुंच गए हैं. हाथी की मौत के कारणों को लेकर कई संभावनाएं जताई जा रही हैं. कुछ लोगों का कहना है कि हाथी की मौत करंट लगने से हुई, जबकि अन्य का मानना है कि जहरीला पदार्थ खाने से हाथी की जान गई है. फिलहाल, वन विभाग ने हाथी के शव का पोस्टमार्टम कराया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा होगा.

करंट लगने की आशंका के मद्देनजर बिजली विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है. जानकारी के अनुसार मृत हाथी पिछले कुछ दिनों से इलाके में सक्रिय था और फसलों व घरों को नुकसान पहुंचा रहा था, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल था. गौरतलब है कि पिछले पंद्रह दिनों से पश्चिमी सिंहभूम में हाथियों को लेकर कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं. कहीं बम विस्फोट में हाथी घायल हो रहे हैं, तो कहीं उनकी मौत हो रही है. ऐसे में वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.

