चाईबासा/ Jayant Pramanik
पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत पोड़ाहाट वन प्रमंडल के आनंदपुर रेंज के कोलपोटका गांव में शनिवार रात करीब डेढ़ दर्जन जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया. हाथियों का झुंड बाबू टोला और बीच टोला में घंटों डेरा डाले रहा.

हाथियों ने धनेश्वर महतो और लोदरो मुंडा के घरों को तोड़ दिया. घटना के समय धनेश्वर महतो घर पर मौजूद नहीं थे. जबकि लोदरो मुंडा के परिवार के लोग घर में थे और हाथियों के हमले के बाद जान बचाकर बाहर भागे.
हाथियों ने धनेश्वर महतो के खेतों में लगी चने की फसल और सोलर प्लेटों को भी नुकसान पहुंचाया. ग्रामीणों के अनुसार हाथी रात करीब 8 बजे गांव में घुसे और रविवार तड़के तक इलाके में मौजूद रहे. सुबह होने से पहले झुंड पास के जंगल की ओर लौट गया.
बताया जा रहा है कि ओड़िशा की ओर से वन विभाग द्वारा खदेड़े जाने के बाद हाथियों का यह झुंड झारखंड- ओड़िशा सीमा स्थित इस गांव में पहुंचा. ग्रामीणों को आशंका है कि झुंड दोबारा गांव में लौट सकता है. जानकारी के अनुसार झुंड में करीब 10 बच्चे भी शामिल हैं.
पोड़ाहाट वन प्रमंडल के डीएफओ नीतीश कुमार ने बताया कि विभाग की टीम रात में गांव के आसपास तैनात थी और हाथियों को सुरक्षित स्थान की ओर भेजने का प्रयास किया जा रहा है.

