चाईबासा/ Jayant Pramanik सोनुआ- चक्रधरपुर मुख्य सड़क के 320डी क्षेत्र अंतर्गत बैद्यमारा फाटक के समीप शुक्रवार को एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने दो बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी. इस सड़क हादसे में एक महिला सहित कुल पांच लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार चार पहिया वाहन संख्या JH05DU- 4760 ने मेला देखकर लौट रहे बाइक सवारों को टक्कर मार दी. हादसे में निश्चिन्तपुर निवासी बुधराम लोहार उर्फ गोरा (30 वर्ष), जितेन महतो (35 वर्ष) और भुवनेश्वर महतो (38 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया गया कि सभी लोग कल्याण मंच बूढ़ीगोड़ा से मेला देखकर अपने घर लौट रहे थे. घटना के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तीन घायलों को सोनुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जबकि दो घायलों को चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया.
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जितेन महतो और भुवनेश्वर महतो की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया. उधर
सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही सोनुआ पुलिस दल- बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

