चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ- चक्रधरपुर मुख्य सड़क पर 320 डी के आसनतालिया के पास रविवार को दो बाइक की आमने- सामने जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा- तफरी मच गई.

प्राप्त जानकारी के अनुसार गोईलकेरा थाना क्षेत्र के डालेइकेला गांव निवासी सत्यनारायण प्रधान और प्रवीण प्रधान बाइक से चक्रधरपुर से सोनुआ की ओर जा रहे थे. इसी दौरान आसनतालिया के पास चक्रधरपुर की ओर से आ रहे जामिद गांव निवासी बाइक सवार राकेश लोहार, धनकीस्टो लोहार और अंश लोहार से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई.

हादसे में डालेइकेला गांव निवासी प्रवीण प्रधान को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं. उन्हें इलाज के लिए चक्रधरपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. वहीं दुर्घटना में शामिल अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद घायलों को तत्काल सोनुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. घटना की सूचना मिलते ही सोनुआ पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है.

