आदित्यपुर: शहरी जलापूर्ति योजना के तहत आदित्यपुर-2 में शुरू किए गए टेस्टिंग अभियान के दौरान गेल गैस की पाइपलाइन बिछाने के काम से जलापूर्ति की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने का मामला सामने आया है. रविवार को रोड नंबर 13 में अचानक हुए जलप्रवाह को इसी क्षति का परिणाम बताया जा रहा है.


सोमवार को संबंधित एजेंसी जिंदल की टीम ने मौके पर जांच शुरू की तो जलापूर्ति के लिए बिछाई गई पाइपलाइन क्षतिग्रस्त मिली. बताया जा रहा है कि गेल गैस की पाइपलाइन बिछाने के दौरान जलापूर्ति पाइपलाइन को नुकसान पहुंचा था. टेस्टिंग के दौरान पानी का दबाव बढ़ने पर क्षतिग्रस्त पाइपलाइन से अचानक तेज जलप्रवाह शुरू हो गया. पानी सड़क को चीरते हुए आसपास के घरों तक पहुंच गया.
इस घटना से रोड नंबर 13 निवासी मिथलेश झा के बोरिंग को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है. वहीं घर में रखे सामान के भी प्रभावित होने की जानकारी है. घटना के बाद जिंदल की टीम ने क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है.
सामाजिक संस्था जनकल्याण मोर्चा के अध्यक्ष ओमप्रकाश ने मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित एजेंसी की जिम्मेदारी तय करने और कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि एक ओर जिंदल पर आदित्यपुर-2 में जलापूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने का दबाव है, वहीं दूसरी ओर दूसरी एजेंसी के कार्यों के कारण जिंदल को तकनीकी के साथ-साथ प्रशासनिक और सामाजिक दबाव भी झेलना पड़ रहा है.
उन्होंने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के कार्यों का उचित मूल्यांकन और निगरानी जरूरी है. इससे न केवल जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि सड़क और लोगों की निजी संपत्ति को भी नुकसान पहुंच रहा है. उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की.

