चाईबासा/ Jayant Pramanik सोनुआ प्रखंड के निश्चितपुर खेल मैदान में वनवासी कल्याण केंद्र, झारखंड द्वारा आयोजित पश्चिमी सिंहभूम जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शनिवार को सफल आयोजन हुआ. प्रतियोगिता में दीनदयाल शिशु/विद्या मंदिर, निश्चितपुर की फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया.

कार्यक्रम का उद्घाटन गोलमुंडा पंचायत के मुखिया संजीव कुमार कांडेयांग, वनवासी कल्याण केंद्र जिला अध्यक्ष राय पुरती, प्रदीप महतो, धीरजमल गोप एवं प्रमोद नाथ ने संयुक्त रूप से भारत माता एवं वीर सिद्धू-कान्हु के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया.

प्रतियोगिता में जिले भर से कुल 125 प्रतिभागियों ने भाग लिया. बालक और बालिकाओं के लिए 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर दौड़, लंबी कूद और गोला फेंक जैसी स्पर्धाएं आयोजित की गईं. फुटबॉल का फाइनल मुकाबला निश्चितपुर और मनोहरपुर टीम के बीच खेला गया, जिसमें निश्चितपुर की टीम विजेता रही.
विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी, मेडल और पेन देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के दौरान जिला संगठन मंत्री रेनशो हेंब्रम, प्रधानाचार्य रमेश महतो, खेल प्रभारी शिवा जी सहित विद्यालय के सभी आचार्य- आचार्या उपस्थित रहे.

