वैशाली: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राघोपुर विधानसभा सीट से तीसरी बार नामांकन दाखिल किया. बुधवार को तेजस्वी यादव ने सदर अनुमंडल पदाधिकारी के समक्ष राजद उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पर्चा भरा. इस दौरान राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और राज्यसभा सांसद मीसा भारती भी मौजूद रहीं.

हजारों समर्थकों के साथ तेजस्वी यादव पटना से नामांकन के लिए रवाना हुए. तेजस्वी के साथ लालू यादव और राबड़ी देवी भी वाहन काफिले में शामिल थे. गांधी सेतु के एक नंबर पाया के पास पहुंचने पर हजारों समर्थकों ने अपने नेता का जोरदार स्वागत किया. उत्साह और नारेबाजी के बीच तेजस्वी यादव का काफिला हाजीपुर अनुमंडल कार्यालय की ओर बढ़ा जहां उन्होंने नामांकन दाखिल किया.
हालांकि तेजस्वी यादव तय समय से लगभग दो घंटे देरी से पहुंचे. अनुमंडल कार्यालय के बाहर भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी. तेजस्वी यादव, उनके परिवार और कुल पांच लोगों को ही कार्यालय के अंदर जाने की अनुमति दी गई जबकि बाकी समर्थकों को बाहर रोक दिया गया. बावजूद इसके समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला.
अंततः तेजस्वी यादव ने अनुमंडल पदाधिकारी रामबाबू बैठा के समक्ष अपने नामांकन का पर्चा भरा. वहीं हाजीपुर विधानसभा से राजद उम्मीदवार देव कुमार चौरसिया ने भी आज अपना नामांकन दाखिल किया. राघोपुर सीट से तेजस्वी यादव का यह तीसरा चुनावी रण है और एक बार फिर इस सीट पर पूरे बिहार की निगाहें टिकी हैं.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
