जमशेदपुर: अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज और झारखंड पुलिस सेवा अधिकारी अरुणा मिश्रा एवं टाटानगर रेल प्रभारी तरुणा मिश्रा की माता उर्मिला मिश्रा का गुरुवार सुबह करीब 3 बजे निधन हो गया. वे 75 वर्ष की थीं.

परिजनों के अनुसार, बीते सप्ताह उनके घर के समीप कार से हुए एक सड़क हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गई थीं. दुर्घटना के बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल ले जाया गया था, जहां वे इलाजरत थीं. तमाम प्रयासों के बावजूद गुरुवार तड़के करीब 3 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली.
उर्मिला मिश्रा के निधन की सूचना मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई. वे एक सरल, सामाजिक और पारिवारिक महिला के रूप में जानी जाती थीं.
उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को सुबह 10:30 बजे स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर किया जाएगा. अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में परिजन, खेल जगत, पुलिस प्रशासन, रेलवे विभाग और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल होने की संभावना है.
उर्मिला मिश्रा अपने पीछे दो पुत्र और चार पुत्रियों सहित भरा- पूरा परिवार छोड़ गई हैं. उनके निधन से परिवार को गहरा आघात पहुंचा है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.

