बोकारो: ट्यूनीशिया में फंसे झारखंड के 48 प्रवासी मजदूरों की आखिरकार सुरक्षित वतन वापसी हो गई है. शनिवार को सभी मजदूर बोकारो थर्मल पहुंचे, जहां उप श्रमायुक्त की टीम ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. ये मजदूर पिछले तीन महीनों से वेतन बकाया और भोजन की किल्लत जैसी कठिन परिस्थितियों में फंसे हुए थे.

जानकारी के अनुसार, इन मजदूरों में बोकारो, हजारीबाग और गिरिडीह जिलों के श्रमिक शामिल हैं, जिन्हें पीसीएल प्रेम पावर कंस्ट्रक्शन लिमिटेड नामक कंपनी में काम करने के लिए ट्यूनीशिया भेजा गया था. कंपनी की लापरवाही और भुगतान में देरी के कारण सभी कामगार गंभीर आर्थिक संकट में आ गए थे.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जब इस मामले की जानकारी मिली, तो उन्होंने तत्काल श्रम, रोजगार, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के अधीन कार्यरत राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष को सक्रिय किया. मुख्यमंत्री के निर्देश पर श्रम विभाग और भारतीय दूतावास के सहयोग से सभी 48 कामगारों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की गई.
इस राहत अभियान में समाजसेवी सिकंदर अली की भूमिका भी अहम रही. उन्होंने मजदूरों की स्थिति की जानकारी सरकार तक पहुंचाई और लगातार संपर्क में रहकर समन्वय का काम किया.
वापसी के बाद उप श्रमायुक्त की टीम ने मजदूरों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं. श्रम विभाग ने सभी कामगारों को आश्वस्त किया कि अब उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से आच्छादित किया जाएगा, ताकि वे फिर से अपने जीवनयापन को व्यवस्थित कर सकें. यह पहल झारखंड सरकार की संवेदनशीलता और प्रवासी कामगारों के हितों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
