जामताड़ा:

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेल मंडल में ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों को निशाना बनाकर आभूषण लूटने वाले अंतर्राज्यीय ‘गुलगुलिया’ गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है. बिलासपुर रेल पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से भारी मात्रा में चोरी के सोने के आभूषण बरामद किए हैं. मामले के तार अब झारखंड के जामताड़ा जिले से भी जुड़ गए हैं.
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि ट्रेनों से लूटे गए सोने के गहनों को झारखंड के मिहिजाम में खपाया जाता था. इसी सूचना के आधार पर बिलासपुर रेल पुलिस की विशेष टीम गुरुवार को जामताड़ा पहुंची. स्थानीय पुलिस के सहयोग से मिहिजाम थाना क्षेत्र के श्मशान रोड स्थित एक स्वर्णकार के प्रतिष्ठान और आवास पर छापेमारी की गई.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में मिहिजाम निवासी स्वर्णकार राजकिशोर को लूटे गए आभूषण बेचने की बात स्वीकार की है. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजकिशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
बताया जा रहा है कि बिलासपुर रेल पुलिस पिछले एक सप्ताह से इस गिरोह की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी. कार्रवाई के दौरान गिरोह के छह सदस्यों को रंगे हाथों पकड़ा गया. पूछताछ में आरोपियों ने कई ट्रेनों में यात्रियों से छिनतई और लूट की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की है.
अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि स्वर्णकार राजकिशोर का इस गिरोह से संबंध कब से था और उसने अब तक कितने चोरी के आभूषण खरीदे हैं. पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं.
फिलहाल पुलिस बरामद गहनों का मूल्यांकन करने के साथ-साथ गिरोह के अंतर्राज्यीय नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है. मामले में आगे और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



