ईचागढ़/ Vikash Thakur

झारखंड आंदोलन के वीर सपूत शहीद अजीत महतो और धनंजय महतो की 43वीं शहादत दिवस पर इस वर्ष भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को तिरुलडीह स्थित शहीद स्थल पर किया जा रहा है. कार्यक्रम का आयोजन शहीद स्मारक समिति एवं झारखंड जनमुक्ति मोर्चा के तत्वावधान में होगा.
मालूम हो कि ईचागढ़ की मिट्टी में जन्मे इन दोनों वीरों ने छात्र जीवन में ही झारखंड आंदोलन के मूल्यों, अधिकारों और सामाजिक न्याय की आवाज़ को बुलंद करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी. उनके बलिदान को नमन करने के लिए शहीद स्थल तिरुलडीह एवं शहीद वेदी परिसर में मनन, श्रद्धांजलि और गायन कार्यक्रम रखा गया है.
कार्यक्रम की शुरुआत सोमवार की शाम शहीद स्थल की साफ- सफाई और दीप प्रज्वलन के साथ होगी. मंगलवार सुबह 11:30 बजे से शहीद अजीत- धनंजय महतो की मूर्ति पर माल्यार्पण किया जाएगा. इसके बाद दोपहर 12:15 बजे से श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, छात्र, युवा और बुद्धिजीवी शामिल होंगे.
इस अवसर पर झारखंड आंदोलनकारी परिवार की बहू सह जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो संरक्षक के रूप में मौजूद रहेंगी, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी सह झारखंड आंदोलनकारी सुनील कुमार महतो करेंगे.
आयोजकों ने क्रांतिकारी छात्र- युवाओं, जनप्रतिनिधियों, किसानों, समाजसेवियों और आम जनों से अपील की है कि वे इस श्रद्धांजलि समारोह में तन- मन- धन से सहयोग कर शहीदों को नमन करें.

