चांडिल: अनुमंडल के तिरूलडीह रेलवे स्टेशन परिसर में सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर ईचागढ़ क्षेत्र के सक्रिय पत्रकारों को समाज में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया. समिति की ओर से सभी पत्रकारों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मान प्रदान किया गया.

सम्मान पाने वाले पत्रकारों में प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला- खरसावां के संरक्षक अरुण कुमार माझी, उपाध्यक्ष संतोष साहू, सचिव बागेश्वर महतो, सुधीर कुम्भकार, विद्युत महतो और विकास ठाकुर शामिल थे. सभी पत्रकारों को मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया गया, जिस पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया.
इस मौके पर पूजा समिति के सदस्यों ने कहा कि पत्रकार समाज का चौथा स्तंभ हैं. वे न केवल समाचार देते हैं बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य भी करते हैं. समिति के सदस्यों ने कहा कि पत्रकार दिन- रात मेहनत कर जनता तक सटीक सूचना पहुंचाने का काम करते हैं, जो लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है.
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों ने एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियां दीं. पारंपरिक झारखंडी नृत्य, लोकगीत और भक्ति संगीत की मधुर ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो गया. बच्चों और युवाओं द्वारा प्रस्तुत की गई नृत्य झांकियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया.
कार्यक्रम में पूजा समिति के अध्यक्ष सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. अंत में समिति की ओर से सभी आगंतुकों और सम्मानित पत्रकारों का आभार व्यक्त किया गया. आयोजन का समापन जय माता दी के जयघोष और प्रसाद वितरण के साथ हुआ.

