जमशेदपुर/ Afroz Mallik परसुडीह स्थित श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा ट्रस्ट कमिटी की कार्यप्रणाली पर स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं. इस संबंध में श्रद्धालुओं एवं बस्तीवासियों ने जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम और वरीय पुलिस अधीक्षक को एक सामूहिक जनहित आवेदन सौंपा है.

आवेदन में कहा गया है कि काली मंदिर परिसर में आयोजित दुर्गा पूजा एक सार्वजनिक धार्मिक आयोजन है, जिसका संचालन किसी व्यक्ति या परिवार का अधिकार नहीं, बल्कि समाज की परंपरा और सामूहिक सहयोग से होना चाहिए. आरोप है कि वर्ष 2012 से 2024 तक की आय- व्यय विवरण, ऑडिट रिपोर्ट और बैंक खातों की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई. पिछले 13 वर्षों से समिति का पुनर्गठन या पारदर्शी चुनाव भी नहीं हुआ.
वर्तमान ट्रस्ट कमिटी पर अवैध बिजली उपयोग, निर्णय प्रक्रिया में जनभागीदारी की कमी और मनमाने फैसले लेने के आरोप लगे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि विवादित महिलाओं को बिना सहमति के समिति में शामिल किया गया. उन्होंने मांग की है कि वर्तमान अध्यक्ष उज्ज्वल सानी और समिति की कार्यशैली की प्रशासनिक जांच कराई जाए, साथ ही पिछले पांच वर्षों का चंदा, व्यय विवरण और बैंक स्टेटमेंट सार्वजनिक किए जाएं. ग्रामीणों ने नई समिति का गठन प्रशासनिक निगरानी और वोटिंग प्रणाली के तहत कराने की मांग की है, ताकि पारदर्शिता और सर्वसम्मति बनी रहे. श्रद्धालुओं का कहना है कि गोलपहाड़ी काली मंदिर पूरे समाज की आस्था का केंद्र है, इसलिए समिति का संचालन भी पारदर्शी और लोकतांत्रिक होना चाहिए. उनका कहना है कि अब समय आ गया है जब प्रशासन निष्पक्ष जांच कर हस्तक्षेप करे और नई समिति का गठन सुनिश्चित करे.

