पटना: विधानसभा चुनाव के बीच महागठबंधन के प्रमुख नेता और राजद नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को कई ऐतिहासिक घोषणाएं करते हुए सरकार बनने पर बड़े वादे किए. उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में केवल भ्रष्टाचार और अपराध बढ़ा है, जबकि जनता कमाई, दवाई और सिंचाई के लिए आज भी संघर्ष कर रही है. तेजस्वी ने कहा कि गरीबी, पलायन और बेरोजगारी से बिहार के लोग त्रस्त हैं, जबकि सरकार जनहित के मुद्दों से भटक गई है.

तेजस्वी यादव ने कहा कि वर्तमान सरकार ने उनकी कई योजनाओं की नकल की है. “हमने माई-बहन-मान योजना की घोषणा की, तो इन्होंने महिलाओं को दस हजार रिश्वत के रूप में देने की घोषणा कर दी,” तेजस्वी ने कहा. उन्होंने ऐलान किया कि सरकार बनते ही 20 दिनों के अंदर अधिनियम और कानून बनाए जाएंगे, जिससे हर घर से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी मिले.
उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों का जो शोषण मौजूदा सरकार में हुआ है, वैसा किसी और राज्य में नहीं हुआ. “हमारी सरकार बनने पर सभी जीविका दीदियों को स्थायी नौकरी दी जाएगी और उन्हें तीस हजार मासिक वेतन मिलेगा.” इसके साथ ही जीविका समूहों के कैडेट को पांच लाख का बीमा और कोषाध्यक्ष को मानदेय देने की घोषणा की.
तेजस्वी यादव ने “माई-बहन-मान योजना” के तहत महिलाओं को ढाई हजार प्रति माह सहायता देने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि यह राशि किसी लोन के रूप में नहीं, बल्कि सम्मान के रूप में दी जाएगी.
इसके साथ ही उन्होंने “एमएए योजना” (MAA Scheme) की घोषणा की — जिसमें ‘M’ का मतलब मकान, ‘A’ का अर्थ अन्न और दूसरा ‘A’ आमदनी है. उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत हर गरीब परिवार को रहने का घर, भोजन की गारंटी और स्थायी आमदनी का साधन मिलेगा.
तेजस्वी यादव ने संविदाकर्मियों के हित में भी बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि सभी संविदा कर्मियों को स्थायी किया जाएगा. उन्होंने कहा, “राज्य में लगभग दो लाख कर्मी हैं, जिनसे सेवा ली जाती है, लेकिन उन्हें न छुट्टी मिलती है, न स्थायित्व. हमारी सरकार आते ही इन्हें स्थायी किया जाएगा.”

