जमशेदपुर/ Varun Kumar टाटानगर रेलवे स्टेशन से एक महिला यात्री का सूटकेस चोरी होने का मामला सामने आया, जिसमें रेलवे प्रोटेक्शन फ़ोर्स (RPF) और गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) की त्वरित कार्रवाई से कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.

जानकारी के अनुसार 13 अप्रैल की रात प्लेटफार्म संख्या 02/ 03 से किरण सिंह नामक महिला यात्री का ट्रॉली सूटकेस चोरी हो गया. महिला छत्तीसगढ़ के कोरबा से टाटानगर पहुंची थीं और उन्हें आगे पटना के लिए यात्रा करनी थी. इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने मौका पाकर उनका सामान चोरी कर लिया.
चोरी हुए सूटकेस में आधार कार्ड, बिहार पब्लिक सर्विस कमीशन परीक्षा का एडमिट कार्ड, कपड़े और करीब 600 रुपये नकद शामिल थे. घटना के बाद पीड़िता ने तत्काल RPF और GRP को सूचना दी.
सूचना मिलते ही RPF पोस्ट टाटानगर के प्रभारी राकेश मोहन और GRP थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई. टीम ने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति सूटकेस ले जाते हुए दिखाई दिया.
जांच के दौरान आरोपी की पहचान शुभम गुप्ता (उम्र करीब 28 वर्ष), निवासी मनीफीट के रूप में हुई. इसके बाद संयुक्त टीम ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की और सूचना के आधार पर घाटशिला रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर आरोपी को चोरी किए गए सूटकेस के साथ गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना घाटशिला के सुपुर्द कर दिया गया है. वहीं बरामद सामान को सुरक्षित रूप से महिला यात्री को लौटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
इस कार्रवाई में RPF और GRP की सक्रियता और समन्वय की व्यापक सराहना हो रही है. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें.

