जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल की उड़नदस्ता टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है. रविवार तड़के की गई कार्रवाई में आरपीएफ ने दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से कुल 6.08 किलो अवैध गांजा बरामद किया है.

बरामद गांजा की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है. यह कार्रवाई चक्रधरपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी. शंकर कुट्टी के निर्देश पर की गई. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजा की तस्करी सुनियोजित तरीके से की जा रही थी.
आरपीएफ के अनुसार तस्कर उड़ीसा के तुसरा से ट्रेन संख्या 18006 समलेश्वरी एक्सप्रेस के जरिए गांजा लेकर टाटानगर पहुंचे थे. गांजा को पटना के रास्ते बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में ले जाकर खपाने की योजना थी. गिरफ्तार तस्करों की पहचान शर्मा यादव और सत्यनारायण साहनी के रूप में हुई है. दोनों आरोपी बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के रूपही टांड क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं. आरपीएफ ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को बरामद गांजा के साथ अग्रिम कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर को सौंप दिया है. मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है.

