सरायकेला: टाटा- सरायकेला मुख्य मार्ग पर रामकृष्ण फोर्जिंग कंपनी के समीप रेलवे टनल के पास मंगलवार को लोहे का एंगल लदा ट्रेलर ब्रेक डाउन हो जाने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई. ट्रेलर संख्या JH-06R-2069 के अचानक ब्रेक डाउन होने के कारण करीब दो घंटे से अधिक समय तक सड़क पर लंबा जाम लगा रहा और राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी.


जाम का सबसे अधिक असर विभिन्न कंपनियों में बी-शिफ्ट की ड्यूटी पर जा रहे कर्मचारियों पर पड़ा. वाहनों की आवाजाही बाधित होने के कारण कई कर्मचारियों को चाडरी मोड़ के समीप वाहन छोड़कर पैदल ही कार्यस्थल की ओर जाना पड़ा.

मौके पर ट्रैफिक पुलिस यातायात सामान्य कराने में जुटी रही, लेकिन इस मार्ग पर वाहनों के भारी दबाव के मुकाबले यातायात प्रबंधन की व्यवस्था नाकाफी नजर आई. रेलवे टनल के आसपास भारी वाहनों के फंसने की स्थिति में वैकल्पिक यातायात व्यवस्था नहीं होने से समस्या और गंभीर हो जाती है. घटना ने एक बार फिर व्यस्त टाटा-सरायकेला मार्ग पर भारी वाहनों के दबाव और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर सवाल खड़े किए हैं.


