जमशेदपुर: दिल्ली से लेकर जमशेदपुर तक अब ‘स्वदेशी सामान- हमारा स्वाभिमान’ का जयघोष सुनाई देगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील “भारतीय सामान खरीदो और बेचो” को समर्थन देते हुए कन्फ़ेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स यानी कैट ने 10 अगस्त से देशव्यापी जन अभियान चलाने का ऐलान किया है. इस अभियान का उद्देश्य है स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देना और देश के छोटे व्यापारियों को सशक्त बनाना.

नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय व्यापारी सम्मेलन में देश के 26 राज्यों से आए 150 से अधिक व्यापारी नेताओं ने इस अभियान की रूपरेखा तय की. बैठक की अध्यक्षता कैट के राष्ट्रीय महामंत्री और चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की यह अपील आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक निर्णायक कदम है.
कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया ने बताया कि इस अभियान में देशभर के 48,000 से अधिक व्यापारी संगठन भाग लेंगे. हर राज्य और जिले में व्यापारी, उपभोक्ता और नागरिक समाज के साथ सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे. सोशल मीडिया, पोस्टर, रैलियों और जन संवाद के माध्यम से लोगों को भारतीय उत्पाद अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा. कैट के चेयरमैन बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि विदेशी कंपनियों की अनुचित व्यापार नीतियों से छोटे व्यापारी प्रभावित हो रहे हैं. भारतीय उत्पादों की गुणवत्ता अब विश्वस्तरीय हो चुकी है और कीमतें भी उचित हैं. स्वदेशी वस्तुओं की खरीद से स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और व्यापारियों को सीधा समर्थन मिलेगा.
राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री सुरेश सोंथालिया ने सभी व्यापारियों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर “केवल भारतीय सामान उपलब्ध है” जैसे पोस्टर लगाएं. ग्राहकों को स्वदेशी वस्तुएं अपनाने के लिए प्रेरित करें. यह अभियान भारत के आर्थिक स्वाभिमान को मज़बूती देगा और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा. इधर, झारखंड कैट के वरिष्ठ नेता किशोर गोलछा और बिट्ठल अग्रवाल ने बताया कि “स्वदेशी सामान- हमारा स्वाभिमान” अभियान को जमशेदपुर समेत पूरे झारखंड में ज़ोर- शोर से चलाया जाएगा. एक महीने तक हर दुकान में पोस्टर लगाए जाएंगे. दुकानदारों, गृहिणियों, छात्रों और आम जनता के साथ संवाद कर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा.

