चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत आराहासा गांव में 26 वर्षीय एक युवक की संदेहास्पद स्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. युवक का शव उत्क्रमित मध्य विद्यालय आराहासा परिसर में पाया गया. युवक की पहचान देवेंद्र कोड़ाह, पिता-सुरेश कोड़ाह ग्राम-आराहासा के रूप में हुई है. सूचना मिलते ही गोइलकेरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.


जानकारी के अनुसार रविवार की शाम देवेंद्र कोड़ाह गांव के ही कुछ युवकों के साथ बैठकर ताश खेल रहा था. इसी दौरान उसके मोबाइल फोन पर किसी व्यक्ति का कॉल आया. बताया जा रहा है कि कॉल रिसीव करने के बाद देवेंद्र बात करते हुए वहां से उठकर चला गया। इसके बाद वापस नहीं लौटा. सोमवार की सुबह उसकी लाश उत्क्रमित मध्य विद्यालय आराहासा परिसर में पाई गई. लाश एक पेड़ से फंदे के सहारे टिकी थी. जबकि शरीर अर्द्धनग्न था. शरीर पर शर्ट नहीं थी. स्कूल परिसर में ला’श देखे जाते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. जिसके बाद शव को बरामद किया गया.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

