सोनुआ/ Jayant Pramanik प्रखंड के सोनापोस स्थित एस्पायर संस्था द्वारा संचालित बालिका आरबीसी सेंटर में शुक्रवार को 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ उरांव ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी.

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह दिन हमें आजादी के लिए शहीद हुए वीरों के बलिदान की याद दिलाता है. कार्यक्रम में सीओ अनुज टेटे ने बच्चियों को शिक्षा के महत्व और जीवन में लक्ष्य प्राप्ति के उपायों के बारे में बताया. प्रखंड समन्वयक कालेश्वर सिंह ने आजादी के संघर्ष और उसे बनाए रखने के संकल्प पर प्रकाश डाला.
आरबीसी की बच्चियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया. 14 अगस्त को आयोजित खेल प्रतियोगिता में विजेता बच्चियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. मौके पर एलईपी गोपीनाथ, एमआईएस देब्रत महाकुड, आरबीसी प्रभारी रैना कुमारी, एस्पायर संस्था के कर्मी और बड़ी संख्या में बच्चियां उपस्थित रहीं.

