सरायकेला: सिनी ओपी प्रभारी पर लगे आरोपों की जांच करने सोमवार को पहुंचे एसडीपीओ समीर कुमार संवैया ने जब शिकायतकर्ता से थाना प्रभारी की पहचान करने पूछा तो शिकायतकर्ता महिला ने थानेदार को पहचानने से इनकार कर दिया. इसके साथ ही थानेदार पर लगे आरोपों को एसडीपीओ ने सिरे से खारिज कर दिया.

एसडीपीओ ने बताया कि मामला आपसी रंजिश का था जिसे गलत तरीके से तूल दिया जा रहा था. डायन प्रताड़ना जैसी बात कहीं से भी सामने नहीं आई. उन्होंने बताया कि जांच के क्रम में ग्रामीणों से पूछताछ के बाद जो तथ्य सामने आए उसमें कहीं से भी डायन प्रताड़ना जैसा कोई मामला सामने नहीं आया. यहां तक की महिला के पास जो आवेदन मिला उसमें भी छेड़छाड़ किया गया है. वास्तविक आवेदन महिला के पास है ही नहीं जो ओपी में दिया गया है. सबसे पहले घटना के 48 घंटे बाद मामला पुलिस के पास पहुंचा जो कई सवालों को जन्म दे रहा है, बावजूद इसके ओपी प्रभारी ने विधि- व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दोनों पक्षों पर 107 लगा दिया.
क्या है पूरा मामला
एसडीपीओ ने बताया कि बीते 29 अगस्त को सिनी ओपी के मोरूप पंचायत अंतर्गत हातिया गांव में गणेश पूजा विसर्जन के दौरान कल्पना मंडल नामक महिला के जमीन पर लगे दो सहजन के पेड़ डीजे गाड़ी से टूट गए. इसी को लेकर विवाद हुआ. ग्रामीण स्तर पर दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया गया जब समझौता नहीं हुआ तब 31 अगस्त को कल्पना मंडल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. दूसरे पक्ष से ग्रामीणों ने भी शिकायत दर्ज कराया. मामला दर्ज होते ही पुलिस ने मामले पर संज्ञान लेते हुए दोनों पक्षों पर धारा 107 के तहत कार्रवाई की. इसी बीच पद्मश्री छुटनी महतो के पास यह मामला पहुंचा और मामले को डायन प्रताड़ना से जोड़कर प्रचार- प्रसार कर दिया गया. एसडीपीओ ने ऐसे मामलों को तूल देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही.
पद्मश्री छुटनी महतो की भूमिका कटघरे में
पद्मश्री छुटनी महतो की भूमिका को लेकर तरह-तरह के कयास लगने लगे हैं. हाल के दिनों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं जिससे पद्मश्री छुटनी महतो की साख पर बट्टा लग रहे हैं. पिछले दिनों नीमडीह में पारिवारिक विवाद का एक मामला आया था उसमें भी पुलिस पर डायन प्रताड़ना में कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया था. बाद में मामला गलत साबित हुआ.
सिनी के मामले में भी ग्रामीणों के बीच की लड़ाई को डायन प्रताड़ना से जोड़कर दुष्प्रचारित किया गया. मजे की बात ये है कि जिस थानेदार को शिकायत कर्ता पहचानती नहीं उसपर इस प्रकार का आरोप लगाना कहां तक जायज है इसको लेकर जिले के पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों में तरह- तरह की चर्चाएं होने लगी है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
