जमशेदपुर: सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री का चुनाव 13 सितंबर को होना है. आज रविवार को नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन था. इस मौके पर टीम केडिया और टीम कावटिया ने बिष्टुपुर स्थित राम मंदिर में पूजा- अर्चना कर चुनाव पदाधिकारी के समक्ष नामांकन दाखिल किया. चैंबर चुनाव में 11 पदाधिकारी और 30 एग्जीक्यूटिव सदस्य चुने जाएंगे.

अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मानव केडिया ने कहा कि हमने पिछले 4 सालों में जो काम किया है, उसी के आधार पर हम फिर से मैदान में हैं और व्यापारियों की समस्याओं को दूर करने का प्रयास करेंगे. वहीं अभिषेक अग्रवाल उर्फ गोल्डी ने कहा कि व्यापारी वर्ग की किसी भी समस्या के समाधान के लिए हम रात 12 बजे भी उपलब्ध हैं और हर संभव मदद करेंगे.
चुनाव पदाधिकारी पीआर. झुनझुनवाला ने बताया कि आज नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन था. कुल 61 लोगों ने अपना परिचय दाखिल किया है. 2 सितंबर को स्क्रूटनी होगी और 4 सितंबर को फाइनल सूची प्रकाशित की जाएगी. शाम 7 बजे तक अध्यक्ष पद के लिए केवल एक उम्मीदवार ने ही नामांकन दाखिल किया था. ऐसे में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि टीम केडिया और कावटिया निर्विरोध चुने जा सकते हैं.

