सरायकेला/ Pramod Singh जिले में झारखंड आंदोलन के पुरोधा और राज्य निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले स्वर्गीय शिबू सोरेन की स्मृति को स्थायी रूप देने की मांग तेज हो गई है. इसी कड़ी में झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष भोला महंती के नेतृत्व में शुक्रवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर उनकी प्रतिमूर्ति स्थापित करने का अनुरोध किया है.

ज्ञापन में कहा गया है कि सरायकेला न्यायालय पेट्रोल पंप के पास, राजनगर जाने वाली नई सड़क के उस मोड़ पर, जो टाटा- सरायकेला मुख्य पथ से जुड़ा है, एक गोलंबर का निर्माण कर वहां शिबू सोरेन की प्रतिमूर्ति स्थापित की जाए. झामुमो नेताओं का कहना है कि यह स्थल न केवल शिबू सोरेन के संघर्ष और योगदान की याद दिलाएगा, बल्कि गोलंबर निर्माण से इस क्षेत्र में आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा.
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को अवगत कराया कि उक्त स्थान पर ट्रैफिक दबाव अधिक रहता है और गोलंबर के अभाव में दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. ऐसे में प्रतिमूर्ति स्थापना के साथ गोलंबर का निर्माण जनहित में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा.
उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता से लेते हुए स्थल का निरीक्षण कराए जाने और नियमों के अनुरूप गोलंबर निर्माण सहित शिबू सोरेन की प्रतिमूर्ति स्थापना के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया.
इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल में झामुमो जिला उपाध्यक्ष भोला महंती, साहित्य एवं संस्कृति मोर्चा के जिला अध्यक्ष अविनाश कबी, नगर सचिव तपन कामिला, कृष्णा राणा और गौतम नायक शामिल थे.

