आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) ने गम्हरिया की एक जरूरतमंद महिला सोनाली दास की मदद के लिए आगे हाथ बढ़ाया. संस्था ने गुरुवार को उसके इलाज के लिए 31 हजार रुपये का चेक सौंपा.

सोनाली दास चार साल पहले रसोई में खाना बनाते समय आग से बुरी तरह झुलस गई थी. वह अपने पति और दो साल के बच्चे के साथ हंसी- खुशी रह रही थी. लेकिन हादसे के बाद पति ने इलाज का खर्च उठाने से मना कर दिया. तब से उसके पिता ही अपनी बेटी की सेवा कर रहे हैं. यहां तक कि उन्होंने खुद ड्रेसिंग करना भी सीख लिया ताकि हर दिन ड्रेसिंग के लिए बाहर पैसे खर्च न करने पड़े. सोनाली का छोटा भाई भी बहन के इलाज के लिए हर अस्पताल के चक्कर काट चुका है.
इस मामले की जानकारी मंडली सदस्य तापस दास को हुई. उन्होंने संस्था के समक्ष इसे रखा. इसके बाद मंडली ने निर्णय लिया कि सोनाली की मदद की जाएगी. गुरुवार को मंडली की टीम सोनाली के घर पहुंची और 31 हजार रुपये का चेक दिया. इस अवसर पर मंडली संस्थापक सह संरक्षक के साथ मंडली अध्यक्ष राजेश चांचड़ा, उपाध्यक्ष पंकज कुमार रामा, सचिव उज्ज्वल घोष, मंटू सिंह मोदक, मानिक गोराई, गौरंगो धर, प्रकाश कुमार प्रधान, बीबीलाल पाल, तापस दास और गौतम दास मौजूद थे. मंडली ने सभी से अपील की है कि वे सोनाली के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करें.

