जमशेदपुर/ Afroz Mallik परसुडीह के मखदुमपुर चौक रेलवे फाटक के समीप स्थित जर्जर सड़क ने स्थानीय लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. वर्षों से नाले का गंदा पानी सड़को पर बहता आ रहा है, जिससे सड़के तालाब में तब्दील हो गई हैं और आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.


स्थानीय समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सेवा ही लक्ष्य संस्था के संस्थापक मानिक मल्लिक ने मौके पर पहुंचकर सफाई अभियान शुरू करवाया. उन्होंने अपनी निगरानी में सफाईकर्मियों की सहायता से सड़क और नाले की सफाई कार्य को प्रारंभ कराया, जिससे आम लोगों को राहत मिल सके. मानिक मल्लिक ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान ही उनका उद्देश्य है और वे हमेशा समाजसेवा के लिए तत्पर रहेंगे. स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए प्रशासन से भी स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में यह स्थिति न दोहराई जाए.


