सरायकेला/ Pramod Singh सिविल सर्जन कार्यालय सहित जिले भर में विश्व एड्स दिवस के अवसर पर लोगों को एचआईवी और एड्स के प्रति जागरूक किया गया. सिविल सर्जन कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अस्पताल के सभी चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी रेड रिबन बांधकर शामिल हुए और लोगों को जागरूकता का संदेश दिया.

कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह ने किया. उन्होंने एड्स कंट्रोल को लेकर वर्ष 2025 की थीम “ग्लोबल सॉलिडेरिटी, शेयरड रिस्पांसिबिलिटी एंड ऑलवेज स्वस्थ” के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने सभी गर्भवती महिलाओं का एचआईवी स्टेटस जानने के लिए जांच कराने का निर्देश दिया और कहा कि अभियान के तहत एक सप्ताह तक जांच के साथ-साथ जन जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया जाएगा.
सिविल सर्जन सरयू प्रसाद सिंह ने वैश्विक और स्थानीय स्तर पर एचआईवी की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हमें स्वास्थ्य प्रणाली में आई सभी बाधाओं को दूर करना होगा और यह सुनिश्चित करना होगा कि एचआईवी से प्रभावित कोई भी व्यक्ति उपचार से वंचित न रहे. उन्होंने कहा कि समय की मांग है कि एड्स नियंत्रण कार्यक्रम को और अधिक लचीला, न्यायसंगत और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने योग्य बनाया जाए.
उन्होंने लोगों से अपील की कि एचआईवी के बारे में सही जानकारी प्राप्त करें और नियमित जांच को बढ़ावा दें. विशेषकर गर्भवती महिलाओं की जांच प्रथम तिमाही में सुनिश्चित की जाए और एचआईवी से प्रभावित लोगों के प्रति किसी भी प्रकार का भेदभाव न किया जाए. भारत सरकार वर्ष 2030 तक एड्स को सार्वजनिक स्वास्थ्य खतरे के रूप में समाप्त करने के लक्ष्य की दिशा में कार्य कर रही है.
उन्होंने बताया कि टीवी, एचआईवी से पीड़ित व्यक्तियों में मृत्यु का सबसे प्रमुख कारण है और एचआईवी पॉजिटिव व्यक्ति में टीबी विकसित होने की संभावना 20 से 30 गुना तक अधिक होती है. जिला में क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम और एड्स नियंत्रण कार्यक्रम मिलकर काम कर रहे हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति इस दोहरी बीमारी का शिकार न हो. वर्तमान में सरायकेला जिले में लगभग 30 एचआईवी मरीज चिन्हित हैं.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
