जामताड़ा: स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला परिवहन विभाग ने बुधवार को जामताड़ा स्थित सेंट जोसेफ स्कूल परिसर में स्कूल बसों और वैन की सघन जांच की. मोटरयान निरीक्षक जामताड़ा और रोड सेफ्टी टीम के संयुक्त तत्वावधान में चलाए गए अभियान के दौरान वाहनों के दस्तावेजों के साथ उनकी तकनीकी स्थिति की भी बारीकी से जांच की गयी.


जांच के दौरान स्कूली बच्चों के परिवहन में लगे बस और वैन के इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाणपत्र, फिटनेस प्रमाणपत्र समेत अन्य आवश्यक कागजातों की जांच की गयी. इसके अलावा वाहनों का भौतिक और तकनीकी निरीक्षण कर यह देखा गया कि वे निर्धारित सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप हैं या नहीं.
जांच के दौरान कुछ वाहनों में आवश्यक कागजात और फिटनेस से संबंधित कमियां पायी गयीं. इस पर जांच टीम ने स्कूल प्रशासन को संबंधित दस्तावेज तत्काल दुरुस्त कराने का निर्देश दिया. MVI ने स्पष्ट किया कि कागजात और फिटनेस संबंधी कमियां दूर होने तक अनफिट वाहनों से स्कूली बच्चों का परिवहन नहीं कराया जाए.
रोड सेफ्टी टीम ने वाहन चालकों और स्कूल प्रबंधन को सड़क सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की हिदायत दी. अधिकारियों ने वाहनों की नियमित तकनीकी जांच, वैध दस्तावेज और सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
अधिकारियों ने कहा कि स्कूली बच्चों को लेकर चलने वाले वाहनों में छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है. ऐसे में विद्यालय प्रबंधन की जिम्मेदारी है कि बच्चों को केवल फिट और वैध कागजात वाले वाहनों से ही स्कूल लाया और ले जाया जाए.
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि स्कूली वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आने वाले दिनों में भी स्कूल बसों और वैन की जांच का अभियान जारी रहेगा.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

