सासाराम/ Arzoo Bakhsh लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान भाजपा और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ चुनाव का मुद्दा नहीं है बल्कि संविधान को बचाने की लड़ाई है.

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा, “पूरे भारत में आरएसएस और भाजपा संविधान को नष्ट करने की कोशिश कर रहे हैं. नरेंद्र मोदी और भाजपा हर चुनाव जीतते हैं. लोकसभा चुनाव में हमारा गठबंधन महाराष्ट्र में जीतता है और चार महीने बाद उसी महाराष्ट्र में भाजपा गठबंधन जीत जाता है. जांच में पता चला कि लोकसभा चुनाव के बाद चुनाव आयोग ने जादुई तरीके से महाराष्ट्र में 1 करोड़ नए मतदाता बना दिए. लोकसभा और विधानसभा चुनाव में 1 करोड़ वोटों का अंतर सामने आया और जहां भी ये नए मतदाता जोड़े गए, वहां भाजपा की जीत हुई.”
उन्होंने आगे कहा कि कर्नाटक में भी बड़े पैमाने पर धांधली हुई. “जब हमने जांच की तो एक विधानसभा क्षेत्र में एक लाख से अधिक वोट चोरी किए गए और इन्हीं चोरी हुए वोटों के कारण भाजपा ने लोकसभा सीट जीती. जब हमने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह खुलासा किया तो चुनाव आयोग ने हमसे हलफनामा मांगा. भाजपा नेताओं से कभी हलफनामा नहीं मांगा जाता. यह उनका खुद का डेटा है, उनके आंकड़े हैं, फिर भी मुझसे ही जवाब मांगा जा रहा है. हमने सीसीटीवी फुटेज की मांग की लेकिन चुनाव आयोग ने देने से इनकार कर दिया.” राहुल गांधी ने दावा किया कि पूरे देश में विधानसभा और लोकसभा के चुनाव चोरी किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा और चुनाव आयोग की अंतिम साजिश बिहार में रची जा रही है. “यहां SIR के जरिए नए मतदाताओं को जोड़कर और असली मतदाताओं के नाम काटकर चुनाव चोरी करने की योजना बनाई जा रही है. लेकिन हम इन्हें बिहार का चुनाव चोरी नहीं करने देंगे.” राहुल गांधी ने जनता से अपील की कि वे अपने अधिकारों के लिए जागरूक रहें और लोकतंत्र को बचाने की इस लड़ाई में साथ खड़े हों.

