सासाराम: बिहार के सासाराम से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. जहां बुधवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनरसिया गांव में करंट लगने से मां- बेटी की मौत हो गई. मृतका की पहचान ट्विंकल देवी (28 वर्ष) और उनकी तीन वर्षीय बेटी के रूप में हुई है. ट्विंकल देवी, जमुना नट की पत्नी थीं.

मिली जानकारी के अनुसार, दीपावली की तैयारी को लेकर ट्विंकल देवी घर में सफाई कर रही थीं. इसी दौरान वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गईं. मां को करंट लगने से बचाने के प्रयास में उनकी तीन साल की बेटी भी चपेट में आ गई. दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं. परिजनों ने तुरंत उन्हें सासाराम के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही दोनों ने दम तोड़ दिया.
इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. परिजन बदहवास स्थिति में हैं. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेजा गया है. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

