सासाराम/ Arzoo Bakhsh ‘वोटर अधिकार यात्रा’ कार्यक्रम के दौरान राजद नेता तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर कड़ा हमला बोला. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की जड़ें मजबूत करने के लिए वोट का अधिकार सबसे बड़ा हथियार है, लेकिन आज इसे कमजोर किया जा रहा है.

तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन में कहा, “लालू प्रसाद यादव और लोहिया हमेशा कहते रहे हैं कि ‘वोट का राज मतलब छोट का राज’. यानी समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का ही असली अधिकार है. लेकिन भाजपा वाले जो काम खुद नहीं कर पा रहे हैं, वही काम चुनाव आयोग से करवा रहे हैं. इसका मतलब है कि वे जनता से उनका अधिकार छीनने की कोशिश कर रहे हैं.”
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप कर रहे हैं और निष्पक्ष चुनाव की परंपरा को कमजोर कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार मतदाता सूची में गड़बड़ी और चुनावी धांधली के मुद्दे उठा रहा है, लेकिन इसके बावजूद सुधार की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं.
आरजेडी नेता ने जनता से अपील की कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए जागरूक रहना जरूरी है. उन्होंने कहा कि वोट ही असली ताकत है, और जब तक वोट का अधिकार सुरक्षित रहेगा, तब तक लोकतंत्र भी सुरक्षित रहेगा.

