सरायकेला: जिला पंचायत संसाधन केंद्र, सरायकेला में “अनुसूचित क्षेत्र के ग्राम सभा के अधिकार एवं जिम्मेदारी” विषय पर दो दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला का उद्घाटन उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, उपाध्यक्ष श्रीमती मधुश्री महतो और जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.

इस अवसर पर राज्य मास्टर ट्रेनर अजय कुमार मिश्र और रंजीत कुमार आचार्य ने विभाग की ओर से प्रशिक्षण सत्रों का संचालन किया. लगभग 100 पंचायत प्रतिनिधियों को ग्राम सभा के अधिकारों और जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई. इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को उनके संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना रहा, ताकि वे अपने अधिकारों का सही उपयोग करते हुए अपने क्षेत्र में पारदर्शी और जनहितकारी विकास कार्य सुनिश्चित कर सकें. कार्यशाला में बताया गया कि ग्राम सभा केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास की आत्मा है. अगर प्रतिनिधि सशक्त होंगे, तो गांवों का विकास भी टिकाऊ और समावेशी होगा. प्रतिनिधियों ने प्रशिक्षण में रुचिपूर्वक भाग लिया और ग्राम स्तर पर बेहतर कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता भी दिखाई.

