सरायकेला/ Pramod Singh थाना अंतर्गत चमारु पंचायत के गुढ़ा गांव में शुक्रवार सुबह एक दुखद घटना हुई. जहां 50 वर्षीय अधेड़ श्रीपति महतो की कुएं में डूबने से मौत हो गई. पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया है.

जानकारी के अनुसार श्रीपति महतो सुबह कुएं के पास बैठकर दातुन कर रहे थे. इसी दौरान वे अनियंत्रित होकर कुएं में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई. घटना के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना सरायकेला थाना को दी.
सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकाला. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है.
घटना के बाद परिवार और गांव के लोग गम और सदमे में हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से कुएं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों.

