सरायकेला: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कल्याण विभाग की योजनाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक हुई. उपायुक्त ने प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण, मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और सभी योग्य लाभुकों को समय पर लाभ देने का निर्देश दिया.


बैठक में धूमकुड़िया भवन, मांझीथान, जाहेरथान सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की भी समीक्षा हुई. लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा तीन वर्ष से अधिक समय से स्वीकृत लेकिन शुरू नहीं हुई योजनाओं को नियमानुसार सरेंडर करने का निर्देश दिया गया.
उपायुक्त ने साइकिल वितरण में लापरवाही या अनियमितता मिलने पर संबंधित संवेदक के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी. वहीं एकलव्य विद्यालयों और कल्याण विभाग के स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा.
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि कोई भी योग्य लाभुक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए और सभी लंबित कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं.

