सरायकेला: नगर पंचायत के वार्ड संख्या 5 में हुए चुनावी मुकाबले में आखिरकार गौतम नायक ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी राज किशोर मुखी को 298 मतों के भारी अंतर से पराजित किया.

घोषित परिणामों के अनुसार गौतम नायक को कुल 637 मत प्राप्त हुए, जबकि राज किशोर मुखी को 339 मत मिले. मतगणना पूरी होते ही वार्ड क्षेत्र में समर्थकों के बीच उत्साह की लहर दौड़ गई. विजयी प्रत्याशी के समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और बधाई देकर खुशी का इजहार किया.
इस परिणाम को वार्ड संख्या 5 की जनता का स्पष्ट जनादेश माना जा रहा है. स्थानीय मतदाताओं ने विकास और विश्वास के मुद्दे पर गौतम नायक के पक्ष में खुलकर समर्थन दिया. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 298 मतों का अंतर इस वार्ड में मजबूत जनसमर्थन का संकेत है. हालांकि प्रशासन ने मतगणना की प्रक्रिया के चार घंटे बाद भी अब तक आधिकारिक घोषणा नहीं की है, जिससे निर्वाचन आयोग की विश्वसनियता पर सवाल उठ रहे हैं.

