सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत चुनाव को लेकर बैलेट पेपर से मतदान कराए जाने के निर्णय के बाद मतदाताओं के बीच असमंजस की स्थिति बन गई है. अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मनोज कुमार चौधरी ने उपायुक्त को पत्र लिखकर ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है.

मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि कई वर्षों बाद बैलेट पेपर से चुनाव कराया जा रहा है. ऐसे में नगर पंचायत क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में मतदाताओं के बीच भ्रम की स्थिति देखी जा रही है. कई मतदाता मतदान की प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं रख पा रहे हैं.
उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि बैलेट पेपर का डेमो दिखाते हुए विशेष प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाए.
गांव- गांव में शिविर लगाकर मतदाताओं को बताया जाए कि बैलेट पेपर पर किस प्रकार सही तरीके से मतदान करना है.
उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते सही तरीके से जागरूकता नहीं फैलाई गई तो बड़ी संख्या में वोट खराब हो सकते हैं. इससे चुनाव परिणाम पर भी असर पड़ सकता है.
मनोज कुमार चौधरी ने प्रशासन से शीघ्र आवश्यक कदम उठाने की अपील करते हुए कहा कि मतदाताओं को जागरूक करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम होगा.

